Vande Bharat Express

Vande Bharat Express: इंडियन रेलवे एक के बाद एक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत कर रहा है। अब तक देशभर में 16 वंदे भारत एक्सप्रेस पहले से पटरियों पर दौड़ रही है। इसीक्रम में उत्तराखंड सहित देश के 6 राज्यों को जल्दी ही वंदे भारत एक्सप्रेस का तोहफा मिल सकता है। उत्तराखंड, ओडिशा, गोवा, असम, बिहार और झारखंड को जल्दी ही वंदे भारत ट्रेन का तोहफा मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 मई को ओडिशा को पहली वंदे भारत ट्रेन का तोहफा दे सकते हैं। यह ट्रेन ओडिशा की धार्मिक नगरी पुरी से पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलेगी। यह देश की 16वीं, पश्चिम बंगाल की दूसरी और ओडिशा की पहली वंदे भारत ट्रेन होगी। रेलवे सूत्रों के मुताबिक पूर्वोत्तर और उत्तराखंड को भी इसी महीने पहली वंदे भारत ट्रेन मिल सकती है जबकि गोवा और बिहार-झारखंड को अगले महीने यानी जून में इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन का तोहफा मिल सकता है।

उत्तराखंड को मिलेगी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस

उत्तराखंड की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन देहरादून और दिल्ली के बीच होने जा रहा है। जिसको लेकर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी देहरादून पहुंचे। जहां उन्होंने देहरादून रेलवे स्टेशन से लेकर डोईवाला रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से देहरादून रेलवे स्टेशन के मौजूदा हालतों पर भी चर्चा की। साथ ही ट्रेन की रूपरेखा, समय सीमा समेत अन्य शेड्यूल के बारे में जाना। फिलहाल देहरादून से नई दिल्ली तक छह ट्रेनों का संचालन होता है। इसमें शताब्दी, जनशताब्दी, उत्तरांचल एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस, नंदा देवी एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं। अब वंदे भारत क नाम भी इसमें जुड़ जाएगा।

बताया जा रहा है कि जल्द ही देहरादून से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू किया जा सकता है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। बता दें कि देहरादून से चलने वाली ट्रेनों के स्पीड चीला कॉरिडोर में 40 किलोमीटर प्रति घंटा होती है। जिस पर महाप्रबंधक का कहना है कि अगले आदेश तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की स्पीड भी 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रहेगी।

हालांकि, आज निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक चौधुरी ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन की तारीख का खुलासा नहीं किया है। बल्कि, आदेश आने के बाद ही जानकारी दी जाएगी। साथ ही बताया जा रहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस के देहरादून से चलने का समय सुबह 5:30 निर्धारित किया गया है। ट्रेन को एक नंबर प्लेटफार्म से रवाना किया जाएगा, लेकिन इस पूरी जानकारी की अधिकारी पुष्टि साफ तौर से नहीं कर रहे हैं।

उत्तर रेलवे महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने बताया कि निरीक्षण करना एक रूटीन का काम है। जिसके तहत रेल सुरक्षा, रेलवे पटरियों समेत अन्य संसाधनों में कोई कमी न आए, ताकि रेल से सफर करने वाले यात्रियों को कोई परेशानी न हो। इसकी जांच की जाती है। उन्होंने देहरादून और दिल्ली के बीच चलने वाले वंदे भारत एक्सप्रेस के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। जल्द ही ट्रेन की समय सारणी समेत अन्य शेड्यूल को भी जारी कर दिया जाएगा। भौगोलिक दृष्टि को देखते हुए इसकी स्पीड भी निर्धारित की जाएगी। हालांकि, उन्होंने ये भी बताया कि 8 से 10 दिनों के नोटिस पीरियड में वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। अभी वंदे भारत ट्रेन देहरादून से दिल्ली के लिए प्रस्तावित है। इसको लेकर देहरादून रेलवे स्टेशन पर लगातार काम चल रहा है।

Special Features of Vande Bharat Express

वंदे भारत ट्रेन महज 52 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। यह ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित है। इसमें स्वचालित दरवाजे हैं। इसके अलावा इसकी कुर्सी को 180 डिग्री तक रोटेट किया जा सकता है। ट्रेन में जीपीएस आधारित इंफॉर्मेशन सिस्टम, सीसीटीवी समेत वैक्यूम टॉयलेट लगाए गए हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है लेकिन रेलवे बोर्ड ने इसे 160 किमी की स्पीड तक चलाने की अनुमति दी है।