कोटद्वार : पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक में आदमखोर गुलदार (तेंदुए) ने घास लेने जंगल गयी एक महिला पर अचानक हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक द्वारीखाल ब्लॉक के कलोड़ी गांव की 30 वर्षीय महिला गाँव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान गुलदार ने अचानक महिला पर हमला कर दिया। महिला की चीख पुकार सुनकर अन्य महिलाओं ने शोर मचाया और गुलदार पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जिससे गुलदार महिला को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। गुलदार ने महिला के गले और हाथ में पंजे के निशान लगाकर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया। गांव की महिलाएं उसे घायल अवस्था में गांव लेकर पहुंचीं, जहां से उसे उपचार हेतु राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कर दिया है। डाक्टरों ने बताया कि महिला के गर्दन और हाथ पर पंजों के जख्म हैं उसकी हालत खतरे से बाहर है। गुलदार के हमले में घायल महिला का नाम रंजना देवी पत्नी मस्तान सिंह नेगी है।
यह भी पढ़ें:
उत्तराखंडः घास लेने जंगल गई महिला को तेंदुए बनाया निवाला, लोगों में दहशत