देहरादून। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अपने पूर्व मुख्य कार्याधिकारी जगत सिंह बिष्ट को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके मंदिर समिति के विकास एवं कर्मचारियों के हित में किए गए उल्लेखनीय योगदान को स्मरण किया। बीकेटीसी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मूल रूप से ज्योतिर्मठ निवासी जगत सिंह बिष्ट का बीते शुक्रवार को 86 वर्ष की आयु में उनके देहरादून (मियांवाला) स्थित आवास पर निधन हो गया था। वर्ष 2003-04 में वे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) रहे। उन्होंने मंदिर समिति में अपने सेवाकाल की शुरुआत एक साधारण कर्मचारी के रूप में की और अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी एवं समर्पण के बल पर उपमुख्य कार्याधिकारी से मुख्य कार्याधिकारी के पद तक पहुंचे।
उन्होंने अपने कार्यकाल में कर्मचारियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए तथा मंदिर समिति के विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में तत्कालीन बीकेटीसी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय नंदकिशोर नौटियाल के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। पहली बार बदरीनाथ एवं केदारनाथ मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, मंदिर समिति की आधिकारिक वेबसाइट तैयार की गई, समिति के विश्राम गृहों का सुधारीकरण कराया गया तथा बदरीनाथ धाम के गर्भगृह को स्वर्ण मंडित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए।
अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण जगत सिंह बिष्ट अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहे। उनके कार्यों और व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए बीकेटीसी परिवार ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर रावल अमरनाथ नंबूदरी, पूर्व रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, पूर्व बीकेटीसी सदस्य दिनकर बाबुलकर, सवेरा पब्लिकेशन के निदेशक राजीव नौटियाल, संपादक भारत नौटियाल, पूर्व मुख्य कार्याधिकारी जे.पी. नंबूदरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, विधि अधिकारी एस.एस. बर्त्वाल, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी रमेश नेगी एवं विवेक थपलियाल, कर्मचारी संघ अध्यक्ष विजेंद्र बिष्ट, महासचिव भूपेंद्र रावत सहित बीकेटीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

















