ग्रेटर नोएडा। विजयादशमी के पावन अवसर पर आरडब्ल्यूए अल्फा-2 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा निर्धारित कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं सफल कार्यकाल के लिए अपनी शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर तथा पूर्व डीआईजी नरेंद्र नाथ दुबे सहित अनेक प्रतिष्ठित अतिथियों ने समारोह में भाग लेकर नवगठित टीम को बधाई दी और सेक्टर के विकास तथा निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेश मावी, महासचिव एस. एस. त्रिपाठी एवं कोषाध्यक्ष रमा शंकर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों की शपथ ग्रहण की। उन्होंने सेक्टर के समग्र विकास, स्वच्छता, सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा निवासियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राजेश भाटी, बिल्लू भाटी, रामानंद कसाना, एसके सिंह, उपेंद्र कॉल, अनिल चौधरी, बिष्ट जी समेत सेक्टर अल्फा-2 के निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित टीम का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। पूरे समारोह में उत्साह, सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का वातावरण देखने को मिला।
















