ऋषिकेश: देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे बने सेल्फी प्वाइंट पर मंगलवार को एक युवक संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाते हुए घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

एसडीआरएफ को मंगलवार को ऋषिकेश कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे एक युवक सड़क किनारे से संतुलन खोकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची टीम ने विषम परिस्थितियों में खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई। इसके बाद उसे सुरक्षित स्ट्रेचर पर बांधकर खाई से बाहर निकाला गया और नदी मार्ग से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। वहां से युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

घायल युवक की पहचान मोहित आर्या (20 वर्ष) पुत्र प्रदीप आर्या, निवासी बेतालघाट, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने साथियों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सेल्फी प्वाइंट के समीप संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में गिर गया।

एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में पर्यटन स्थलों, सेल्फी प्वाइंट और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि फोटो या वीडियो बनाने के लिए किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम न उठाएं तथा अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। सावधानी और सतर्कता ही ऐसी दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

रेस्क्यू टीम में एडिशनल एसआई विजेंद्र कुड़ियाल, अर्जुन, किशोर, सुमित नेगी, रमेश भट्ट, रवींद्र, दीपक सिंह, राहुल कुमार, अमित सिंह एवं सुमित शामिल रहे।