देहरादून: सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में मंगलवार को सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में समिति ने पत्रकार कल्याण कोष के तहत नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रतिमाह की सम्मान पेंशन दिए जाने की भी अनुशंसा की गई।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी प्रतिबद्धता के तहत सूचना विभाग पत्रकारों तथा उनके आश्रितों से संबंधित मामलों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त पत्रकारों और दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए समितियों की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि प्राप्त प्रकरणों का शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।



