Recruitment of teachers in UP’s secondary schools: उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सोमवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के ई-अधियाचन पोर्टल पर 21,252 रिक्त पदों का अधियाचन अपलोड कर दिया है। इसके साथ ही लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर सामने आई है।
अपलोड किए गए अधियाचन के अनुसार प्रवक्ता (पीजीटी) एवं संलग्न प्राइमरी सहायक अध्यापकों के 3,512 पद तथा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 17,740 पद शामिल हैं। इनमें पीजीटी के 2,615 पद और प्राइमरी सहायक अध्यापकों के 987 पद भी दर्ज किए गए हैं।
इससे पहले प्रदेश के 4,512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक के 2,643 रिक्त पदों का अधियाचन भी ई-पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने अधियाचन अपलोड होने की पुष्टि करते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों में बढ़ी उम्मीद
टीजीटी, पीजीटी और प्राइमरी सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों का अधियाचन अपलोड होने के बाद अभ्यर्थियों में भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अब इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है। संभावना है कि आयोग सबसे पहले टीजीटी, पीजीटी तथा अन्य लंबित पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। लंबे समय से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को अब विज्ञापन जारी होने और चयन प्रक्रिया प्रारंभ होने का इंतजार है।



