पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत रविवार को विकासखंड कल्जीखाल सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री अशोक वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

राज्यमंत्री अशोक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेशभर में आयोजित जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शेष शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

113 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से 113 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में कुल 45 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।

विभिन्न विभागों ने दी सेवाएं

  • कृषि विभाग ने 15 किसानों को पौधे, उर्वरक एवं कृषि यंत्र वितरित किए।
  • रीप/एनआरएलएम के माध्यम से 20 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहयोग प्रदान किया गया।
  • बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को अन्नप्राशन एवं महालक्ष्मी किट वितरित की।
  • स्वास्थ्य विभाग ने 35 तथा आयुष विभाग ने 34 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।
  • समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित पांच आवेदनों का सत्यापन किया।
  • राजस्व विभाग ने दो कृषकों को कृषक प्रमाण-पत्र जारी किए।
  • अन्य विभागों ने भी पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त कर उनके त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत, एडीओ पंचायत अरुण सिंह, एडीओ समाज कल्याण राहुल राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।