नई दिल्ली : 72वें सेना दिवस पर बुधवार को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के वीर सपूत शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट को मरणोपरांत वीरता के सेना मेडल से सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर घोषित वीरता पदकों की सूची में उत्तराखंड के वीर सपूत जांबाज मेजर चित्रेश बिष्ट का नाम भी शामिल था। बुधवार को सेना दिवस के अवसर पर थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के पिता सुरेन्द्र सिंह बिष्ट को सेना मेडल सौंपा। बेटे की वीरता का मेडल लेते हुए पिता की आंखें नम हो गई। उनके चेहरे पर भावुकता साफ झलक रही थी।
बतादें कि आज से ठीक 11 महीने पहले 16 फरवरी 2019 को महज 28 साल के उत्तराखंड, देहरादून के वीर सपूत मेजर चित्रेश बिष्ट राजौरी, कश्मीर के नौसेरा सेक्टर में आतंकियों द्वारा बिछाई गई आईईडी को सफलतापूर्वक निष्क्रिय करने दौरान हुए आईईडी ब्लास्ट में शहीद हो गए थे। कुछ दिनों बाद ही 7 मार्च को उनकी शादी होने वाली थी। जिस वक्त यह दुखद घटना हुई, उस वक्त मेजर बिष्ट के पिता उनकी शादी के कार्ड बांट रहे थे। माँ-बाप जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने की तैयारी कर रहे थे, वह तिरंगे में लिपटा हुआ घर पहुंचा।
यह भी पढ़ें: