कल्जीखाल : विधानसभा पौड़ी के अंतर्गत विकासखंड कल्जीखाल के सकिनखेत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक आहूत की गई। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवल किशोर ने ग्राम प्रधान सकनोली रोशन उप्रेती को माला पहनाकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करवाई।

इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवल किशोर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बहुमत के साथ सरकार बना रही है क्योंकि वर्तमान सरकार इस समय पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार में लिप्त है। वर्तमान विधायक पौड़ी पर उनके ही कार्यकर्ताओं द्वारा 25% कमीशन का आरोप लगाया जा रहा है, साथ ही साथ विधानसभा पौड़ी में सड़कों की स्थिति व स्वास्थ्य की स्थिति देखते ही बनती है। जिससे साफ पता चलता है कि वर्तमान विधायक अपने क्षेत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है।

वही ब्लॉक प्रभारी विनोद नेगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ता को घर-घर जाकर बूथ स्तर पर कार्य करना होगा। साथ ही कांग्रेस की जन कल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन पटवाल, जिला अध्यक्ष अनुसूचित बीरबल सिंह मंडाकी, जिला उपाध्यक्ष विनोद धनोशी, सुरेंद्र सिंह गुसाईं, गौतम नेगी, जसपाल सिंह, जगमोहन सिंह नेगी, ग्राम प्रधान धौड़ा नीलम आदि उपस्थित रहे।