Home उत्तराखण्ड शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नीरज नैथानी का हुआ...

शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नीरज नैथानी का हुआ सम्मान

देहरादून, 9 सितंबर: शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी भवन, देहरादून में साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था ‘उद्गार’ द्वारा वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विगत 34 वर्षों से साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन कर रही संस्था ने इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक  नीरज नैथानी तथा महिला संवर्ग में शिक्षिका डॉ. विद्या सिंह को सम्मानित किया।

समारोह में  नीरज नैथानी के शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को रेखांकित करते हुए उनके शैक्षणिक एवं साहित्यिक अवदान का विस्तार से उल्लेख किया गया। सम्मान पत्र का वाचन कर उपस्थित जनों को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से भी अवगत कराया गया।

सम्मान स्वरूप उन्हें शॉल, मोती माला, प्रशस्ति पत्र, पुस्तकें तथा फल भेंट कर अभिनंदित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार असीम शुक्ल, के. डी. शर्मा, डाली डबराल एवं शिव मोहन सिंह मंचासीन रहे। इसके अलावा संस्था द्वारा डॉ. राम विनय सिंह, कन्हैयालाल लाल पंत, डॉ. मुनिराम सकलानी, शायर अंबर खरबंदा एवं मती क्षमा कौशिक सहित अनेक साहित्यकारों और लेखकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में शायर शादाब, डॉ. राकेश बलूनी, मदन मोहन डोभाल, लक्ष्मी प्रसाद बड़ोनी, पवन शर्मा सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिक्षक दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर संस्था ने शिक्षकों एवं साहित्यकारों के प्रति सम्मान और सामाजिक सरोकारों को सशक्त संदेश दिया।