• बिल्डर ने ग्रेनो प्राधिकरण में फ्लैट खरीदारों के साथ बैठक में सौंपे चेक
  • सोसाइटी के बेसमेंट में सीपेज की समस्या का भी जल्द होगा समाधान

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमीक्रॉन वन स्थित गौड़ अतुल्यम सोसाइटी के निवासियों  की एक और बड़ी मांग बृहस्पतिवार को पूरी हो गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में आयोजित बिल्डर-बायर्स बैठक में बिल्डर ने आईएफएमएस के 3.63 करोड़ रुपये के चेक अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को सौंप दिए हैं। बैठक में निवासियों के कई और मसलों पर भी सहमति बन गई है।

ग्रेटर नोएडा के बिल्डर प्रोजेक्ट से जुड़े फ्लैट खरीदारों के मसले सुलझाने के लिए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण के निर्देश पर बिल्डर और अलग-अलग प्रोजेक्टों के फ्लैट खरीदारों की लगातार बैठकें हो रहीं हैं। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण के ओएसडी व बिल्डर सेल के प्रभारी संतोष कुमार की अगुवाई में गौड़ अतुल्यम के फ्लैट खरीदारों व बिल्डर प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें खरीदारों की मांग पर बिल्डर ने आईएफएमएस (इंटरेस्ट फ्री मेनटेनेंस सिक्योरिटी) के 3.63 करोड़ रुपये के चेक अपार्टमेंट ऑनर्स वेलफेयर को दे दिए हैं।

खरीदारों का कहना है कि बिल्डर पर आईएफएमएस की धनराशि और अधिक है, जिस पर तय हुआ कि दोनों पक्ष बैठक कर जल्द फैसला करेंगे। बिल्डिंग में फ्लैटों व बेसमेंट में सीपेज /लीकेज आदि की समस्या को बिल्डर ने जनवरी के पहले सप्ताह तक दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी। खरीदारों की मांग पर बिल्डर सोसाइटी के रखरखाव पर बीते तीन वर्षों में खर्च का ब्योरा देने को राजी हो गया है। खरीदारों ने सोसाइटी के लिए बनीं दुकानें बिल्डिंग बायलॉज के हिसाब से न होने की शिकायत की। ओएसडी ने स्वीकृत नक्शे के हिसाब से जांच कराने का आश्वासन दिया। इस बैठक में एओए की तरफ से अध्यक्ष एके सिंह, सचिव दीपक चौहान व कोषाध्यक्ष आलोक पांडेय व बिल्डर की तरफ से डीजीएम राकेश शर्मा व अजय शिशौदिया मौजूद रहे।