10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार और हरियाणा में अपने प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।

यूपी की सिर्फ 6 सीटों पर ही प्रत्याशी घोषित किए हैं। भाजपा ने मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, कर्नाटक से निर्मला सीतारमण और जग्गेश, महाराष्ट्र से पीयूष गोयल और डॉ. अनिल सुखदेवराव, राजस्थान से घनश्याम तिवारी, उत्तर प्रदेश से लक्ष्मीकांत बाजपेई, राधामोहन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह, संगीता यादव, उत्तराखंड से कल्पना सैनी, बिहार से सतीश चंद्र दुबे, शंभू शरण पटेल और हरियाणा से कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है ।

बता दें कि राज्यसभा की 57 सीटों पर 10 जून को चुनाव होने वाले हैं। 31 मई को नामांकन की आखिरी तारीख है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। जिसमें भारतीय जनता पार्टी की आठ सीटों पर जीत तय है। फिलहाल पार्टी ने छह प्रत्याशियों की सूची जारी की है। बाकी दो और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसमें भाजपा अपने सहयोगी दलों को राज्यसभा का टिकट दे सकती है। वहीं यूपी में समाजवादी पार्टी ने कपिल सिब्बल, रालोद के जयंत चौधरी और जावेद अली को प्रत्याशी बनाया है। ‌

कौन हैं कल्पना सैनी

रुड़की के आवास विकास में रहने वाली शिक्षाविद डॉ. कल्‍पना सैनी उत्तराखंड से अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष हैं। उन्होंने संस्कृत से पीएचडी की है। वह रुड़की के श्री गांधी महिला शिल्प इंटर कालेज की प्रधानाचार्य भी रही।डा. कल्पना सैनी लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ी हुई हैं। डा. कल्‍पना सैनी भाजपा की हरिद्वार जिले की जिला अध्यक्ष रही हैं। उनके पिता स्व. डा. पृथ्वी सिंह विकसित 1991 में पहली बार भाजपा के टिकट पर रुड़की विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे और उत्तर प्रदेश में सिंचाई राज्यमंत्री रहे हैं। डा. कल्‍पना के पति डा. नाथीराम सैनी आयुर्वेद चिकित्सक हैं वह भी समाज सेवा में सक्रिय हैं।