पौड़ी: पौड़ी के विकासखंड कल्जीखाल क्षेत्र में पौड़ी-सतपुली मोटर मार्ग पर अदवानी के समीप ड्यूटी कर रहे वन आरक्षी को 4 युवकों ने बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। वन आरक्षी पंकज नेगी की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ लोक सेवक के साथ मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वन आरक्षी पंकज नेगी ने बताया कि वह नागदेव रेंज के अदवानी क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान छजुल्या धार के पास 4 युवक और 2 युवतियां संग बैठे हुए थे। वन आरक्षी ने उन्हें कहा कि यह क्षेत्र गुलदार संभावित है। साथ ही यहाँ अन्य जंगली जानवरों का खतरा भी है। इसके अलावा वर्तमान में फायर सीजन जारी है। ऐसे में कोई अप्रिय घटना क्षेत्र में ना हो इसको लेकर उनसे जाने के लिए कहा गया। जिससे युवक नाराज हो गए। इस बीच उनके बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि चारों युवकों ने वन आरक्षी पंकज नेगी के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे वन आरक्षी के सिर और चेहरे पर चोट आई है। घटना की सूचना के बाद वन कर्मियों ने उन्हें जिला चिकित्सालय पौड़ी में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने बुधवार को उन्हें छुट्टी दे दी।

नायब तहसीलदार संजय नेगी ने बताया कि इस मामले में घायल हुए वन आरक्षी पंकज नेगी की तहरीर पर आरोपी अगरोड़ा निवासी मनीष सकलानी, सुरालगांव निवासी सुमित रावत, धार का महरगांव निवासी सौरभ सिंह और पौड़ी निवासी इस्माइल के खिलाफ ड्यूटी के दौरान लोक सेवक के साथ मारपीट, गाली गलौज व जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुदकमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

नागदेव रेंज अधिकारी अनिल भट्ट ने बताया कि बन आरक्षी पंकज नेगी के साथ मारपीट करने वाले चारो नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है। चारो युवकों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार असामाजिक तत्वों द्वारा जंगल में वन कर्मी के साथ मारपीट की घटना जिला अधिकारी को भी प्रेषित कर दी। उन्होंने बताया वन आरक्षी पंकज नेगी को चिकित्सको के मुताविक बाहर रेफर किया जा सकता है। राजस्व क्षेत्र का मामला होने के कारण। उनकी धर पकड़ नही हो पाई। उन्होंने राजस्व पुलिस से आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।

जगमोहन डांगी