car accident Karnprayag-Gwaldam highway

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में इन दिनों सड़क मार्ग से सफ़र करना काफी जोखिम भरा हो गया है। मानसून की शुरुआत होते ही यहाँ सड़कों पर ऊपर से चट्टानों/बोल्डरों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा आज कर्णप्रयाग-ग्वालदम सड़क मार्ग हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज दोपहर करीब 2:45 बजे एक अल्टो कार देहरादून से चमोली के कुलसारी मैटा जा रही थी। इसी दौरान कर्णप्रयाग-ग्वालदम सड़क मार्ग पर बगोली के पास कार के ऊपर अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टान गिर गई। जिससे कार पूरी तरह चट्टान के नीचे दब गयी। इस हादसे में कार सवार कुलसारी क्षेत्र के मैट्टा गांव निवासी बलवीर सिंह (45) और उनकी पत्नी सावित्री देवी (40) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर कार के ऊपर से जेसीबी की मदद से चट्टान हटाकर दंपती के शव निकाले। घटना से पूरे पिंडरघाटी क्षेत्र में शोक की लहर छाई है। थराली के विधायक भूपालराम टम्टा और कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल ने गहरा शोक जताया है।

दुर्घटना में मृतक दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग लाया गया है। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन कर्णप्रयाग पहुंच गए हैं। मृतक बलवीर सिंह की गांव में ही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है, जबकि उनकी पत्नी सावित्री देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। बताया जा रहा है कि दोनों देहरादून अपने बच्चों के पास गए थे।