Super Moon

Supermoon : बुधवार रात दुनिया के लिए अलग रही। कई देशों में लोगों ने चमकीला और बड़ा चांद देखा। इसे देखने के लिए कई दिनों से उत्सुकता का माहौल बना हुआ था। आमतौर पर ऐसा नजारा आसमान पर कम ही दिखाई पड़ता है। वहीं राजधानी दिल्ली में भी अलग तस्वीर दिखाई दी। बीती रात साल का पहला सुपर मून दिखा। इस पल को लोगों ने अपने अपने मोबाइल फोन और कैमरे में कैद किया।

यूं तो हर पूर्णिमा को पूरा चांद यानी फुल मून दिखाई देता है, लेकिन बुधवार रात साल का पहला सुपर मून 15% ज्यादा चमकीला नजर आया, तो इसका आकार भी सामान्य से 7% बढ़ा हुआ था। सुपरमून तब होता है, जब पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी सबसे कम हो जाती है। इस वजह से चांद ज्यादा बड़ा और चमकीला दिखाई देता है।

ऐसा ही संयोग पिछले महीने भी बना था, जब पूर्णिमा के दिन चांद का रंग पूरी तरह लाल हो गया था। नासा के मुताबिक भारत में सुपरमून दिखने का समय रात 12 बजकर 8 मिनट था। यह लगातार तीन दिनों तक नजर आएगा। दिलचस्प बात ये भी है कि इस बार का सुपर मून तब नजर आया जब सूरज पृथ्वी की कक्षा से सबसे दूर बिंदु पर रहा। रात में चांद और पृथ्वी की दूरी सबसे कम रही। जो दूरी सामान्य दिनों में 3,84,400 किलोमीटर होती है, सुपरमून के वक्त वो घटकर 3,57,264 किलोमीटर रह गई। इसी वजह से चांद ज्यादा बड़ा और भव्य दिखाई पड़ा।