Home उत्तराखण्ड राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, मनीषा प्रवीन बनीं...

राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, मनीषा प्रवीन बनीं अध्यक्ष

Govt PG College Dehradun City

देहरादून: राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। मतदान में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न पदों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

अध्यक्ष पद पर मनीषा प्रवीन ने 244 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आदित्य पांडेय (211 मत) को 33 मतों से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर मोहित कुमार ने 251 मत हासिल कर युवांशु कुमार (200 मत) को 50 मतों के अंतर से हराया।

सचिव पद पर खुशी ने 215 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रियांशु रावत (169 मत) को 46 मतों से शिकस्त दी। इस पद के तीसरे प्रत्याशी अमन किशोर डंगवाल को 70 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर ऋतु ने 241 मत प्राप्त कर सानिया (206 मत) को 35 मतों से पराजित किया।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यू.आर.) पद पर अंजली ने 247 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अर्पित सिंह नेगी (201 मत) को 46 मतों के अंतर से हराया। वहीं, सह सचिव पद पर एकमात्र वैध प्रत्याशी होने के कारण रितिका पाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. कुलदीप सिंह रावत ने चुनाव परिणामों की औपचारिक घोषणा की। इसके उपरांत महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने सभी विजयी एवं निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों तथा कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही माल्यार्पण एवं मिष्ठान वितरण कर उनका अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छात्रसंघ महाविद्यालय और विद्यार्थियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने छात्र नेताओं से व्यक्तिगत और दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर महाविद्यालय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं समग्र विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. कुलदीप सिंह रावत ने चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्राचार्य, निर्वाचन समिति, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन तथा मीडिया का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रो. डी.एस. मेहरा, प्रो. राजमणि राम पटेल, प्रो. नीलू कुमारी, डॉ. पंकज बहुगुणा, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. राकेश पाण्डेय, डॉ. हेमलता खाती सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।