Delhi Cold Wave: दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। देश की राजधानी दिल्ली में ठंड का कहर अगले कुछ दिनों तक भी थमता नजर नहीं आ रहा है। आज यानी बुधवार को दिल्ली में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। इसके साथ ही आज का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन बन गया। सुबह 8:30 बजे के करीब दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम रहा। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 3.2 डिग्री कम मापा गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली अगले 3 दिन तक 4 डिग्री सेल्सियस का टॉर्चर झेलने वाली है। दिल्ली में इन दिनों कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने कड़कड़ाती ठंड के पीछे कारण पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी को बताया है, हिमालय से मैदानी इलाकों की ओर चल रही ठंडी हवाएं हैं। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 से 7 जनवरी तक यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके साथ ही तीनों दिन दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप रहने वाला है।
8 जनवरी के बाद हालात में सुधार होगा
हालांकि 8 जनवरी से ठंड में मामूली राहत मिलने के आसार है और तापमान में बढ़त देखी जा सकती है। 9 और 10 जनवरी को तापमान 7 डिग्री पहुंचने के आसार हैं और अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि इन दिनों कोहरे के आसार बढ़ जाएंगे। बता दें कि सर्दी में बढ़ोतरी के बाद भी फिलहाल दिल्ली वालों को कोहरे से राहत मिली हुई है।
मौसम विभाग की गाइडलाइंस
- घर से बाहर निकलते समय पूरी तरह से अपने शरीर को सेफ करते हुए गर्म कपड़े पहनें।
- नाक, कान, गला और सिर को पूरी तरह से ढंक कर रखें।
- संक्रमण से बचने के लिए मास्क का प्रयोग जरूर करें।
- गर्म पानी का सेवन करें, इम्यूनिटी बढ़ाने वाली चीजें खाएं।
- खाने-पीने में विटामिन सी को शामिल करें।
- बाहर की खुली चीजें ना खाएं।
- जब भी बाहर से आएं, अफने हाथ जरूर धोएं।