Patwari Paper Leak: पटवारी पेपर लीक मामले में आठवीं गिरफ्तारी, SIT के हाथ लगी 31 नकलची अभ्यर्थियों की लिस्ट

0
311

Patwari Paper Leak: उत्तराखंड में हाल ही में हुए पटवारी पेपर लीक कांड मामले में एसआइटी ने आज आठवीं गिरफ़्तारी की है। एसटीएफ की गिरफ्त में आये 8वें आरोपी का नाम सोनू कुमार उर्फ खडकू है। सोनू पाडली खुशालपुर थाना जनकपुरी जिला सहारनपुर का रहने वाला है। उसे उत्तर प्रदेश के छुटमलपुर बस अड्डे से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोनू बीटेक का छात्र है और वह जेल जा चुके संजीव कुमार का मौसेरा भाई है। पूछताछ में उसने कुबूल किया है कि रिजॉर्ट में अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र रटवाने के दौरान वह आस पास उनकी निगरानी कर रहा था। इसकी एवज में संजीव ने 10 हजार रुपये दिलवाए थे। आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसआइटी ने रिजॉर्ट पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी कब्जे में ली है।  सभी आरोपितों के खिलाफ गैंगेस्टर के तहत भी कार्रवाई की गई है।

इससे पहले उत्तराखंड एसटीएफ ने लोकसेवा आयेाग के अनुभाग अधिकारी संजीव चर्तुवेदी, उसकी पत्नी रितु चर्तुवेदी, पॉलिटेक्निक शिक्षक राजपाल, उसके भतीजे संजीव सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 41 लाख की रकम बरामद की गई थी। पड़ताल में सामने आया है कि संजीव चतुर्वेदी की पत्नी रितु ने शिक्षक राजपाल के साथ मिलकर प्रश्नपत्र बेचा था। संजीव चतुर्वेदी को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही 31 नकलची अभ्यर्थियों की जानकारी भी एसआईटी के हाथ लगी है।

एसआइटी को मिली 31 अभ्यर्थियों की लिस्ट

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यह प्रदेश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा संवेदनशील मामला है। मुख्यमंत्री की ओर से इस बारे में सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। बताया कि प्रश्न पत्र खरीदने वाले 31 अभ्यर्थियों की लिस्ट मिल चुकी है। हालांकि, अभी तक 35 अभ्यर्थियों की बात सामने आ रही है। बाकी चार अभ्यर्थियों में जेल गए आरोपितों के परिवारिक अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उनके बारे में भी खोजबीन जुटाई जा रही है। वहीं, एसआइटी प्रभारी रेखा यादव ने बताया कि हर एंगल से जांच की जा रही है। इस मामले में शामिल कोई भी आरोपित बख्शा नहीं जाएगा।