Padma Devi Amar Dev Nautiyal Scholarship

श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय इण्टर कालेज सुमाड़ी में 10 निर्धन मेधावी छात्र छात्राओं को स्व. पदमा देवी अमर देव नौटियाल ट्रस्ट की ओर से पाँच पाँच हजार रु की धनराशि वितरित की गई। ट्रस्ट के पदाधिकारी प्रो राजा राम नौटियाल, सुभाष नौटियाल, हरिराम नौटियाल, विभा नौटियाल, अचला नन्द नौटियाल आदि ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुवात की। आचार्य सत्यदेव बहुगुणा ने स्वास्ति वाचन की मंगलम प्रस्तुति से सबको मन्त्र मुग्ध किया।

इस मौके पर डा सुभाष नौटियाल ने कहा कि हमारे पिताजी हमेशा से भावी पीढ़ी को आगे बढ़ते हुए देखना चाहते थे। उनका सपना था कि निर्धनता उनके मार्ग में कहीं भी रुकावट न बने। इस सपने को साकार करने के लिए वे अपनी छोटी सी नौकरी में मिले वेतन की धनराशि जमा करते रहते थे। आज उनके सपनों को हम निर्धन मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देकर पूरा कर रहे हैं।

हरि राम नौटियाल ने कहा कि हमारा छात्रवृत्ति देने का मुख्य उद्देश्य यह भी है कि इससे अन्य छात्रों को प्रेरणा मिल सके। सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य अचला नन्द नौटियाल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों के वीच संवाद करने का भी मौका मिलता है। बेहतर कार्यक्रम को देखते हुए सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य ने विद्यालय के विकास के लिए एक लाख रु देने की भी घोषणा की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय पाल सिंह राणा ने स्व. पदमा देवी नौटियाल अमरदेव नौटियाल ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 28 वर्षों से इनके द्वारा छात्रों को छात्र वृत्ति प्रदान की जा रही है। इस तरह की छात्रवृत्ति छात्रो के उज्जवल भविष्य को आगे बढ़ाने में वड़ी सहायक होती है। इस मौके पर विद्यालय के छात्रों द्वारा सुन्दर मन मोहक प्रस्तुति प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर हरेन्द्र कुमार, राजेन्द्र सिंह नेगी, हरे राम, केशवानंद लखेड़ा, विनोद कुमार शाह, सरिता वर्त्वाल, राजेश डिमरी,जय माला विष्ट, आशा डिमरी, दीप शिखा नौटियाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अन्तर्राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान तथा राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित हिंदी अध्यापक नशा उन्मूलन प्रभारी अखिलेश चन्द्र चमोला ने किया।