श्रीनगर गढ़वाल: श्रीकोट गंगनाली स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में आयोजित जनपद स्तरीय शरदकालीन/शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘मिनी गढ़देवा-2026’ में सामाजिक संस्था मंगलम फाउंडेशन ने खिलाड़ियों के सहयोग के लिए उल्लेखनीय पहल की। संस्था ने प्रतियोगिता के तीनों दिनों तक खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
22 सितंबर से प्रारंभ हुई तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। उद्घाटन समारोह में मंगलम फाउंडेशन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पूरे आयोजन के दौरान संस्था की ओर से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया। समापन दिवस पर सभी प्रतिभागी बच्चों को फ्रूटी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं आयोजकों ने मंगलम फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
23 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में मंगलम फाउंडेशन ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष आशा डोभाल, उपाध्यक्ष बीना मेहरा, सचिव रमा अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष ऋतु शाह उपस्थित रहीं। इसके अलावा सह सचिव आशा फरासी, सलाहकार संगीता फरासी, शकुंतला जैन, उषा फरासी, मनमीत कौर, शालिनी वर्मा और विमला रावत सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
मंगलम फाउंडेशन ने कहा कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग देती रहेगी, ताकि युवाओं और बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।













