CM Rekha Gupta Attacked: दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हमला हुआ है। यह घटना तब हुई जब मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास कैंप ऑफिस में आम जनता की शिकायतों को सुन रही थीं। इसी दौरान 35 साल के एक शख्स ने हमला किया। पुलिस ने आरोपी हमलावर को पकड़ लिया है। सीएम दफ्तर में पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों तथा मीडिया रिपोर्टर्स के मुताबिक वह व्यक्ति कुछ कह रहा था, उसने अचानक मुख्यमंत्री की ओर कुछ कागजात फेंके और फिर उसने कथित तौर पर सीएम को थप्पड़ मार दिया। हालांकि, मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत एक्शन में आकर उन्हें बचा लिया। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। हमलावर ने अपना नाम राजेश खिमजी सकारिया बताया है।

इस अप्रत्याशित हमले ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएम कार्यालय के अनुसार वे ठीक हैं, उन्होंने बताया है कि उनके कार्यक्रम रद्द नहीं होंगे। हालांकि जैसे ही यह हमला हुआ, मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था को चौकस किया।

सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को तुरंत दबोचा :

सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर को दबोच लिया। उसकी उम्र 35 वर्ष के आसपास है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने दावा किया कि वह अपनी एक निजी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से नाराज था, जिसका समाधान नहीं हो रहा था। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ जारी है। इस हमले के बाद मुख्यमंत्री को तुरंत उनके निजी चैंबर में ले जाया गया। एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। हालांकि, डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की और उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है।

गुजरात के राजकोट का रहने वाला है आरोपी

दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना नाम राजेश खिमजी बताया है और बताया है कि वह राजकोट, गुजरात का रहने वाला है। उसके नाम और पते की पुष्टि की जा रही है। उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी ने की हमले की निंदा

भाजपा ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गुरुवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हमला हुआ। इस पूरी घटना की भारतीय जनता पार्टी ने निंदा की है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सीएम गुप्ता पर लगभग 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने हमला किया है। जानकारी मिली है कि जन सुनवाई के दौरान हमलावर ने पहले मुख्यमंत्री गुप्ता को कुछ कागज दिए और फिर कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। दिल्ली पुलिस ने सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को पकड़ लिया है। हमलावर को सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।

पूर्व सीएम आतिशी ने मामले में की कड़ी कार्रवाई की मांग:

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की हिंसा की निंदा करते हैं।

कांग्रेस ने कहा इस हमले की जितनी निंदा की जाए वो कम:

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बहुत दुखद है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?”

शुरुआती जानकारी में सामने आया था कि हमलावर ने सीएम को थप्पड़ मारा था, हालांकि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस तरह के दावों का खंडन किया है। उन्होंने साफ किया कि सुनवाई के दौरान उस व्यक्ति ने उन पर हमला किया। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया के रूप में हुई है।

कौन है सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने  वाला आरोपी

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि दिल्ली सीएम पर हमला करने वाला आरोपी राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। गुजरात के राजकोट शहर में कोठारिया रोड स्थित गोकुल पार्क में अपनी पत्नी, बेटे और माता-पिता के साथ रहता है। आरोपी की मां भानुबेन ने बताया कि वह किसी राजनैतिक दल से जुड़ा हुआ नहीं है। वह जानवरों को प्रेम करता है। दिल्ली में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश से वह परेशान था और इसी आदेश को लेकर एक विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए वह दिल्ली गया था। भानुबेन ने कहा कि आज की घटना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।

दिल्ली पुलिस की हिरासत में आरोपी

फिलहाल आरोपी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही कहा है कि आरोपी के इरादों का पता लगाने के लिए उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। इतना ही नहीं दिल्ली पुलिस ने आरोपी द्वारा दी गई जानकारी की पुष्टि के लिए गुजरात पुलिस से भी संपर्क किया है।

घटना पर वीरेंद्र सचदेवा ने दी जानकारी

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने थप्पड़ मारने की खबरों को खारिज करते हुए बताया कि हमलावर ने सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री का हाथ खींचने की कोशिश की, जिसके कारण हाथापाई हुई और उनका सिर किसी कोने से टकराया होगा। उन्होंने कहा कि सीएम गुप्ता की हालत स्थिर है, लेकिन वह सदमे में हैं।

आरोपी के राजकोट स्थित घर पर पहुंची पुलिस

दिल्ली पुलिस द्वारा मांगी गई जानकारी की पुष्टि के लिए राजकोट पुलिस आरोपी राजेश खिमजी के घर पहुंची। जहां उन्होंने आरोपी के परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी राजेश खिमजी के पड़ोसी सुरेशभाई ने भी राजेश के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मैं उसे पिछले 5-6 वर्षों से जानता हूँ। वह एक सरल और उदार व्यक्ति है जिसे जानवरों से बहुत प्यार है।