कोटद्वार: राजकीय शिक्षक संघ जनपद पौड़ी का द्विवार्षिक अधिवेशन दिनांक 2 एवं 3 दिसंबर को राजकीय इंटर कॉलेज मोटाढांग (कोटद्वार) में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन के द्वितीय दिवस जिला कार्यकारिणी के निर्वाचन हेतु चुनाव अधिकारी रविंद्र सिंह रावत, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज पदमपुर सुखरों की देखरेख में मतदान प्रक्रिया संचालित की गई।

मतगणना के बाद घोषित परिणामों में भवान सिंह नेगी ने अध्यक्ष पद पर 64 मतों से विजय प्राप्त कर जिला अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। वहीं जिला मंत्री पद पर विजेंद्र बिष्ट ने 605 मतों से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विश्वास हासिल किया।

अन्य पदों पर परिणाम इस प्रकार रहे:

उपाध्यक्ष: पूरण सिंह नेगी ने पंकज मुयाल को 164 मतों से हराया

संयुक्त मंत्री: अनिल नेगी ने महेंद्र गुसांई को 392 मतों से मात दी

संगठन मंत्री: दिनेश चंद्र पाठक निर्वाचित

महिला संयुक्त मंत्री: विमला तड़ियाल निर्विरोध चुनी गईं

महिला उपाध्यक्ष: शिक्षा रावत निर्विरोध निर्वाचित

चुनाव में कुल 1792 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती प्रदान की। चुनाव उपरांत मंडल संयुक्त मंत्री पंकज ध्यानी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व संरक्षक जयदीप रावत, पूर्व जिला मंत्री मनमोहन चौहान, पूर्व मंडलीय मंत्री शिव सिंह नेगी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मनोज कला, पूर्व मंडलीय मंत्री महेंद्र सिंह नेगी सहित विभिन्न वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि संगठन को उनके नेतृत्व में नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

शपथ ग्रहण के बाद जिला अध्यक्ष भवान सिंह नेगी ने शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी को वह ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। वहीं, लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले जिला मंत्री विजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि उनका कार्यकाल शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षा के हित में समर्पित रहेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग कर अधिवेशन को सफल बनाया।