श्रीनगर गढ़वाल: राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत 18 दिसंबर 2025 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में प्रारम्भिक स्तर (कक्षा 6, 7 एवं 8) की विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत, प्रधानाचार्या श्रीमती सुमनलता पंवार एवं कार्यक्रम प्रभारी मुकेश काला द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत ने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान विद्यार्थियों के पूर्व ज्ञान, अनुभव और रुचियों के आधार पर सीखने की प्रक्रिया को सशक्त बनाता है। यह अभियान विज्ञान एवं गणित के कक्षा आधारित शिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होता है।

प्रतियोगिता से पूर्व स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई, जिसके मूल्यांकन के उपरांत प्राप्त अंकों के आधार पर छः टीमों का चयन क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया। क्विज प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों—बहुविकल्पीय, विजुअल एवं बजर राउंड में किया गया, जिसमें 10 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।

यह प्रतियोगिता कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई, जिसमें विकासखंड खिर्सू के जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन प्रातः 9 बजे से किया गया।

क्विज प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे

  1. प्रथम स्थान: राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डांग
  2. द्वितीय स्थान: राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय चमराड़ा
  3. तृतीय स्थान: राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर

विजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत, प्रधानाचार्या श्रीमती सुमनलता पंवार, बीआरसी प्रभारी मुकेश काला, संकुल समन्वयक जयदयाल चौहान सहित शिक्षकगण विपिन गौतम, मुकेश बहुगुणा, अनुज नौडियाल, इन्द्रमोहन नैथानी, प्रतिमा थपलियाल, आशीष घिल्डियाल, चन्द्रमोहन बिष्ट, मनोज नौडियाल, जब्बार हुसैन, वन्दना रावत, देवेन्द्र असवाल आदि उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।