Delh-NCR Weather News: दिल्ली एनसीआर के लोगों को अभी कोहरा, प्रदूषण और ठंड की तिहरा हमला झेलना पड़ रहा है। लगातार खराब होते मौसम ने सड़क से लेकर ट्रेनों और हवाई जहाजों की रफ्तार थाम दी है। सोमवार सुबह दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। सुबह के समय कुछ स्थानों पर घने कोहरे के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। दोपहर आते-आते धूप निकली, लेकिन लोगों को राहत नहीं मिली। दिन के समय भी पहाड़ों से आई बर्फीली हवाओं ने खासा परेशान किया। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक के साथ 22.4 और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 55 प्रतिशत रही। वहीं, रिज में पारा 9.1 दर्ज किया गया। इसके अलावा, आया नगर में 10.1, लोधी रोड में 9 व पालम में 8.1 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।
हालाँकि कि मौसम विभाग ने एक खुशखबरी का संकेत भी दिया है कि दिल्ली, नोएडा से गाजियाबाद तक नए साल का स्वागत बारिश से हो सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान की मानें तो 1 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सामान्यतया बादल छाये रहेंगे। साथ ही बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।1 जनवरी को ज्यादा ठंड भी नहीं होगी। इस दिन अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि 2-3 जनवरी को मौसम फिर खराब हो सकता है और कोहरे और ठंड का दौर वापस लौट सकता है। उस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 30 दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी इलाके में एक पश्चिमी विक्षोभ के हालात बन रहे हैं। इससे 31 दिसंबर और 1 जनवरी को मैदानी इलाकों में असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि वेस्ट यूपी में भी 1 जनवरी को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 29 और 30 दिसंबर को बारिश का अनुमान है।
अभी 2 दिन घना कोहरा
वेस्ट यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 31 दिसंबर तक अभी सुबह और रात के वक्त घना से बहुत कोहरा होने की संभावना है। पूर्वांचल में 1 जनवरी तक यही हालात रहेंगे। वहीं जम्मू-कश्मीर से लेकर मध्य प्रदेश तक 30 दिसंबर और उत्तराखंड और बिहार में 5 जनवरी तक घने कोहरे का दौर चलता रहेगा। पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, नगालैंड में 3 जनवरी तक फॉग अळर्ट है। सिक्किम और ओडिशा में भी 3 जनवरी तक और बंगाल में भी गंगा के मैदानी इलाकों में 31 दिसंबर से तीन जनवरी तक कोहरा अलग-अलग स्थानों पर छाया रहने का अनुमान है।
यूपी में कोल्ड डे अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 31 दिसंबर तक कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड का अलर्ट है। यानी ऐसे शीत दिवस में भयंकर सर्दी पड़ने की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश में भी 31 दिसंबर और 1 जनवरी को शीत दिवस की चेतावनी है। उत्तराखंड में 29 और 30 को शीत दिवस और बिहार और झारखंड में भी 30 दिसंबर को कड़ाके की गलन वाली सर्दी पड़ने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।
नए साल पर बारिश के आसार
दिल्ली में इस बार नए साल पर भी मौसम खराब रह सकता है। हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से दिल्ली में 31 दिसंबर को बादल छाऐंगे और एक जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले तीन दिनों यानी 31 दिसंबर तक घना कोहरा पड़ने के आसार हैं। अधिकतम तापमान गिरकर 20 डिग्री तक आ सकता है। इससे ठिठुरन का अहसास होगा। गुरुवार को हल्की बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 18 से 20 डिग्री के बीच जबकि न्यूनतम 3 डिग्री बढ़कर 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शुक्रवार को हल्के बादल के बीच अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शनिवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 20 से 23 और न्यूनतम 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
दिल्ली में अगले 7 दिनों का मौसम
- 30 दिसंबर- सुबह के वक्त घना कोहरा,न्यूनतम तापमान 8 डिग्री
- 31 दिसंबर -घना कोहरा सुबह के दौरान और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री
- 1 जनवरी- आसमान में बादल छाए रहेंगे, बारिश या बूंदाबांदी के आसार, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री
- 02 जनवरी- मध्यम स्तर का कोहरा और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री
- 03 जनवरी-मध्यम स्तर का कोहरा और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस
- 4 जनवरी- मध्यम स्तर का कोहरा और तापमान 8 डिग्री न्यूनतम



