दिल्ली: उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष मनाए जाने वाले पारंपरिक लोक महापर्व उत्तरैणी-मकरैणी (मकर संक्रांति) के अवसर पर इस वर्ष भी एक दिव्य एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन श्री गुरु माणिक नाथ सर्वजन कल्याण समिति के तत्वावधान में 14 जनवरी 2026 को न्यू अशोक नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर प्रांगण में संपन्न होगा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि उत्तरैणी-मकरैणी पर्व उत्तराखंड के करोड़ों लोगों की अटूट धार्मिक आस्था का प्रतीक है। यह पर्व न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष 14 जनवरी को निरंतर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं लोक गायन के माध्यम से लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में उत्तराखंड जन जागृत मंच, उत्तराखंड भ्रात मंडल एवं कुमाऊँ जन मंडल का विशेष सहयोग रहेगा।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बाबा श्री गुरु माणिक नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा मकर संक्रांति के पुण्य प्रसाद हेतु कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाएं।

दिनांक: 14 जनवरी 2026
समय: दोपहर 2 बजे
स्थान: कालीबाड़ी मंदिर प्रांगण, न्यू अशोक नगर, दिल्ली-96