Home दिल्ली-एनसीआर श्री बालाजी रामलीला कमेटी की रामलीला में ताड़का वध बना आकर्षण का...

श्री बालाजी रामलीला कमेटी की रामलीला में ताड़का वध बना आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली। श्री बालाजी रामलीला कमेटी, सीबीडी ग्राउंड, कड़कड़डूमा में सोमवार को भव्य रामलीला का मंचन किया गया। रामलीला के दूसरे दिन राक्षसी ताड़का वध की लीला ने दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम द्वारा ताड़का को मुक्ति प्रदान किए जाने का भावपूर्ण मंचन उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

श्री बालाजी रामलीला कमेटी के प्रधान रमेश शर्मा (पिल्लू जी) ने बताया कि ताड़का, यक्षराज सुकेतु की पुत्री थी, जो एक श्राप के कारण राक्षसी बन गई थी। वह अपने पुत्रों मारीच और सुबाहु के साथ अयोध्या के समीप सुंदर वन में रहती थी। उसके आतंक और अत्याचारों के कारण ही सुंदर वन का नाम ताड़का वन पड़ गया था।

कमेटी के महामंत्री राम भाई ने बताया कि जब महर्षि विश्वामित्र, भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को लेकर राजा जनक के निमंत्रण पर मिथिला पहुंचे, तब नगरवासियों ने भगवान श्रीराम की वीरता का गुणगान करते हुए कहा कि यही वे दिव्य पुरुष हैं जिन्होंने ताड़का सहित अनेक राक्षसों का संहार कर धर्म की रक्षा की है।

रामलीला के दौरान गौरी पूजा, अहिल्या उद्धार तथा सुबाहु वध की लीलाओं का भी प्रभावशाली मंचन किया गया। मंचन में रामचरितमानस की चौपाइयों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, सनातन संस्कृति और भारतीय धार्मिक परंपराओं का सजीव चित्रण एवं भावपूर्ण वर्णन प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री बालाजी रामलीला कमेटी के प्रधान रमेश शर्मा (पिल्लू जी), राम किशोर गुप्ता, मंच संयोजक नरेश सिक्का तथा कमेटी के अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

रामलीला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और भगवान श्रीराम की लीलाओं का श्रद्धाभाव से दर्शन कर धर्म एवं संस्कृति के संदेश को आत्मसात किया।