नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन द्वारा 77वाँ गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगठन के दिल्ली प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को भारतीय गणराज्य, संविधान तथा नागरिकों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को उनके मूलभूत मानव अधिकारों, बाल अधिकार संरक्षण, तथा वर्तमान समय में बढ़ती साइबर ठगी से सुरक्षित रहने के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। संगठन द्वारा बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

इसके साथ ही अग्निशमन सेवाएं, स्वास्थ्य सहायता हेल्पलाइन और पुलिस सहायता जैसी आपातकालीन सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। ध्वजारोहण के पश्चात संगठन के पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम में संगठन के दिल्ली प्रदेश पदाधिकारी, सदस्यगण तथा स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।