पौड़ी: कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। तहसीलदार सदर पौड़ी दिवान सिंह राणा ने गुरुवार को विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम गुंड पहुंचकर वहां निवास कर रही वृद्धा कुमाली देवी के घर जाकर स्वयं उनका हालचाल जाना।

तहसीलदार द्वारा वृद्धा को रोजमर्रा की आवश्यक खाद्यान्न सामग्री एवं कंबल प्रदान किए गए। साथ ही शासन की ओर से स्वीकृत ₹5000 की आर्थिक सहायता का चेक भी उन्हें सौंपा गया। ज्ञात हो कि वृद्धा कुमाली देवी विगत तीन वर्षों से अकेली जीवन यापन कर रही हैं और उनकी दयनीय स्थिति को लेकर हमारे समाचार पत्र में पूर्व में कई बार समाचार प्रकाशित किए जा चुके हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं पीएलवी जगमोहन डांगी ने बताया कि उन्होंने वृद्धा की आर्थिक स्थिति तथा कड़ाके की ठंड में गर्म कपड़ों के अभाव की जानकारी तहसीलदार सदर को दी थी। सूचना मिलते ही तहसीलदार दिवान सिंह राणा ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल संज्ञान लिया और स्वयं आवश्यक सामग्री के साथ वृद्धा के घर पहुंचे।

इस अवसर पर राजस्व उपनिरीक्षक विवेक कुमार, ग्राम प्रधान गौरण श्रीमती ऋतु बिष्ट, आंगनबाड़ी कार्यकत्री श्रीमती सुनीता बिष्ट, ग्राम प्रहरी मान सिंह, राजेंद्र सिंह कोहली उपस्थित रहे।

जगमोहन डांगी