पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी गढ़वाल के पाबौ क्षेत्र से पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां आपसी विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर हत्या की नीयत से धारदार हथियार से वार कर दिया। इस घटना में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पाबौ निवासी राकेश कुमार ने 9 फरवरी को कोतवाली पौड़ी में एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमें उन्होंने बताया कि बीती 7 फरवरी की रात उनके भाई कुलदीप सिंह का छोटे भाई राजेंद्र सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कुलदीप सिंह ने गुस्से में आकर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार (पाठल) से छोटे भाई राजेंद्र सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
वार लगते ही राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, तहरीर के आधार पर पौड़ी कोतवाली पुलिस में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जबकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने खून के नमूने समेत अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। इसी कड़ी में लगातार दबिश और सूचना जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह को मदकोली क्षेत्र के फल्दवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार पाठल भी बरामद कर लिया गया। वहीं, पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया है।



