पौड़ी: विकासखंड कल्जीखाल के पट्टी मनियारस्यूं, ग्राम थनूल स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध थानेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज़ ग्रामीण क्षेत्रों से आए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने भी पूजा-अर्चना कर महंत गंगा भारती महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य अतिथि, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के लोक कला एवं संस्कृति केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल ‘गणि’ ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, संयम और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश देता है तथा ऐसे आयोजन समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि रेडियो पत्रकारिता एवं स्वजल विभाग में सेवाएं देने के दौरान दुर्गम क्षेत्र में लंबे समय के बाद अपनी कर्मभूमि में आने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने क्षेत्रवासियों के बीच सम्मान पाने पर आभार व्यक्त किया।
विशिष्ट अतिथि, पूर्व जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुंदरलाल मुयाल ने कहा कि थानेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां लगने वाले मेले व धार्मिक आयोजन स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान करते हुए मंदिर के जीर्णोद्धार की आवश्यकता भी बताई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए, वहीं लोक गायक राकेश मंद्रवाल ने त्रियुगीनारायण का भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए मंदिर समिति अध्यक्ष जगमोहन डांगी ने महिला मंगल दलों व सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा चार जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए गए तथा मंदिर समिति को तिरपाल भेंट किया गया। साथ ही मंदिर समिति एवं थनूल ग्रामवासियों के संयुक्त प्रयास से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर समिति के उपाध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान थनूल देवेंद्र सिंह रावत ने की तथा संचालन मंदिर समिति के अध्यक्ष जगमोहन डांगी एवं मंदिर समिति के सांस्कृतिक प्रवक्ता घनानंद बगासी ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला मंगल दलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पौड़ी के प्रमुख समाजसेवी कांग्रेस नेता विनोद धनोसी, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव केशर सिंह असवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य यशोदा नेगी, पराज इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस संस्था के निर्देशक डॉ वितेश्वर बलोदी, ग्राम प्रधान बुटली रेनू देवी, ग्राम प्रधान गढ़कोट संगीता देवी, ग्राम प्रधान श्रीमती अनीता देवी घंडियाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष घंडियाल गायत्री देवी पटवाल, पूर्व सहकारी साधन समिति बनेख अध्यक्ष रघुनाथ सिंह रावत, समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद नैथानी, समाजिक कार्यकर्ता अजय पटवाल, समिति के कार्यकारी अध्यक्ष मनमोहन सिंह रावत, संरक्षण बीएस नयाल, सज्जन सिंह नेगी, दिगम्बर सिंह नेगी, रविन्द्र सिंह रावत, ऋषिबल्लभ डुकलाण, महिला मंगल दल अध्यक्ष थनूल श्रीमती बसंती देवी सहित क्षेत्र के महिला मंगल दलों के पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट जगमोहन डांगी ग्रामीण पत्रकार



