ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह रविवार को सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में अत्यंत हर्षोल्लास और रंगारंग अंदाज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब की वार्षिक पत्रिका ‘शब्दमधु’ का भव्य विमोचन किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश सुधीर अग्रवाल, गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह तथा दादरी विधायक तेजपाल नागर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में आरायहना नृत्यालय के बच्चों ने मनोहारी गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात क्लासिकल कृष्ण-राधा होली नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अभय रेनबो किड्स फाउंडेशन से जुड़े ऑटिज्म थेरेपी प्राप्त कर रहे बालक देवाशीष ने ‘शिव तांडव’ की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। संस्था का उद्देश्य ऑटिज्म से जुड़े बच्चों को विशेष थेरेपी और प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम में मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य, फूलों की होली और राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को ब्रजमय बना दिया। रंग, संगीत और उल्लास से सराबोर इस आयोजन में शहर की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की और कलाकारों के साथ उत्साहपूर्वक थिरकीं।
अपने संबोधन में डॉ. महेश शर्मा ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गौतमबुद्धनगर तेजी से विकास की ऊंचाइयों को छू रहे हैं, जिसमें प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा, “प्रेस समाज का आईना है। जब यह आईना समाज के सामने से हट जाता है तो निरंकुशता पनपने लगती है और अलोकतांत्रिक व्यवस्थाएं अपने पैर फैलाने लगती हैं।” उन्होंने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के प्रति सम्मान और अपेक्षाओं को रेखांकित किया।
प्रेस क्लब द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर आमंत्रित करना सौहार्द और एकता का परिचय: लक्ष्मी सिंह
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पत्रकारों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रेस क्लब ने सौहार्द और एकता का परिचय देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि लोकप्रियता के अनुरूप समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना आवश्यक है।
समाज में जागरूकता की बड़ी जिम्मेदारी: न्यायमूर्ति अग्रवाल
न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका लोकतंत्र के तीन स्तंभ हैं, जबकि प्रेस को चौथा स्तंभ माना जाता है। प्रेस पर समाज को जागरूक करने और सुधार की दिशा में कार्य करने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। समाज में व्याप्त अनेक विकृतियों को सामने लाने और जनचेतना जगाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस मौके पर दादरी विधायक तेजपाल नागर और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में यमुना प्राधिकरण के एसीओ शैलेन्द्र भाटिया, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, एडीएम(वित्त) अतुल कुमार सहित पुलिस विभाग से डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों के अधिकांश आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और फेडरेशन के अध्यक्ष, महिला संगठन, उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत, जनेंद्र पाल रावत, डीएस नेगी, तारा दत्त शर्मा, कृष्णा पन्त, जेपी रावत, एक्टिव सिटीजन टीम से सरदार मंजीत सिंह, हरेंद्र भाटी, आलोक सिह, ओम रायजादा, राहुल नंबरदार, बीटा -2 आरडब्ल्यूए (आई-ब्लॉक) अधक्ष्या आरती शर्मा, शहर के उद्यमी, व्यापार मंडल, इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, महिला संगठन तथा अनेक गणमान्य नागरिक व पत्रकार परिवार मौजूद रहा।
समारोह का समापन आपसी मिलन, अबीर-गुलाल और पारंपरिक होली गीतों के साथ उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।



