india wins T-20 World Cup 2026

नई दिल्ली: ICC Men’s T20 World Cup 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूज़ीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी के दम पर विश्व कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ भारत ने टी-20 क्रिकेट में अपनी ताकत एक बार फिर दुनिया के सामने साबित कर दी।

फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी-20 विश्व कप फाइनल के इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में से एक है। टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी तेजतर्रार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। न्यूजीलैंड के लिए केवल टिम साइफर्ट और मिचेल सैंटनर ही रन बना सके। इसके अलावा डेरिल मिचेल ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। वरना बाकी सभी 10 रन के अंदर आउट हुए। साइफर्ट ने 26 गेंद में 52 रन की पारी खेली। वहीं, सैंटनर ने 35 गेंद में 43 रन बनाए। मिचेल ने 17 रन की पारी खेली। फिन एलेन नौ रन, रचिन रवींद्र एक रन, ग्लेन फिलिप्स पांच रन, मार्क चैपमैन तीन रन, जेम्स नीशम आठ रन और डफी तीन रन बना सके। मैट हेनरी खाता नहीं खोल सके।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की और टी-20 विश्व कप के इतिहास में अपनी बादशाहत कायम कर दी। भारत ने टी-20 विश्व कप का तीसरा खिताब अपने नाम किया और लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास बनाया। इससे पहले टीम इण्डिया वर्ष 2007 में पहले संस्करण में एमएस धोनी की कप्तानी में और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीती थी। सूर्यकुमार यादव का भी नाम विश्व विजेता कप्तानों में शुमार हो गया है।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह क्रिकेट प्रेमियों ने पटाखे जलाकर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। सोशल मीडिया पर भी खिलाड़ियों को बधाइयों का तांता लग गया।

टीम इंडिया की यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए एक और स्वर्णिम अध्याय साबित होगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी।

बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच, सैमसन प्लेयर ऑफ द सीरीज फाइनल मुकाबले में 15 रन देकर 4 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वहीं, 5 मैच में 3 फिफ्टी के सहारे 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ सीरीज चुना गया।

फाइनल स्कोरबोर्ड

भारत: 255/5 (20 ओवर)

  • संजू सैमसन – 89 (46)
  • ईशान किशन – 54 (25)
  • अभिषेक शर्मा – 52 (21)

न्यूज़ीलैंड: 159 ऑल आउट (19 ओवर)

  • टिम सिफर्ट – 52 (26)
  • मिशेल सैंटनर – 43 (35)

भारत की जीत: 96 रन से

प्लेयर ऑफ द मैच: जसप्रीत बुमराह – 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट

प्लेयर ऑफ द सीरीज: संजू सैमसन