Home उत्तराखण्ड सांसद खेल महाकुंभ-2026: रांसी स्टेडियम पौड़ी में रही पारंपरिक खेल पिट्ठू की...

सांसद खेल महाकुंभ-2026: रांसी स्टेडियम पौड़ी में रही पारंपरिक खेल पिट्ठू की गूंज

एथलेटिक्स में श्रीनगर के आदर्श पटवाल, केदारनाथ के दिव्यांशु एवं आयुष, रामनगर के पियूष, देवप्रयाग के अभय तथा रुद्रप्रयाग के केशव रहे अव्वल

पौड़ी। उत्तराखंड के पारंपरिक खेल पिट्ठू को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांसद खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी में रांसी खेल मैदान पौड़ी में खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने पिट्ठू प्रतियोगिता का शुभारंभ कर स्वयं खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

राइफलमैन शहीद जसवंत सिंह स्टेडियम, रांसी में आयोजित प्रतियोगिताओं में अंडर-19 एवं अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं और ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी है। सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान कर रही है।

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में श्रीनगर के आदर्श पटवाल ने प्रथम, रुद्रप्रयाग के हरेन्द्र ने द्वितीय तथा पौड़ी के अंकित कण्डारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 3000 मीटर दौड़ में केदारनाथ के दिव्यांशु प्रथम, श्रीनगर के भास्कर द्वितीय तथा यमकेश्वर के अतुल तृतीय रहे।

1500 मीटर दौड़ में केदारनाथ के आयुष ने प्रथम, श्रीनगर के आदर्श ने द्वितीय तथा रुद्रप्रयाग के हरेन्द्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग की ऊंचीकूद स्पर्धा में रामनगर के पियूष प्रथम, पौड़ी के वंशम द्वितीय तथा लैंसडौन के सुमित तृतीय रहे।

100 मीटर दौड़ में देवप्रयाग के अभय प्रथम, रामनगर के सुमित द्वितीय तथा कोटद्वार के आयुष तृतीय रहे। 200 मीटर दौड़ में देवप्रयाग के अभय गोदियाल ने प्रथम, रामनगर के सुमित बलोदी ने द्वितीय तथा श्रीनगर के गगनदीप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-14 बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में रुद्रप्रयाग के केशव प्रथम, श्रीनगर के गौतम द्वितीय तथा रामनगर के चैतन्य तृतीय रहे। ऊंचीकूद प्रतियोगिता में चौबट्टाखाल के जितिन सिंह प्रथम, रुद्रप्रयाग के दिव्यांशु द्वितीय तथा यमकेश्वर के शौर्य रावत तृतीय रहे।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 800 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 600 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 400 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभागीय अधिकारी, प्रशिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।