पौड़ी: पौड़ी जनपद में एक बार फिर गुलदार का आतंक देखने को मिला है। पौड़ी वन प्रभाग से सटे घुड़दौड़ी के जामलाखाल क्षेत्र में गुलदार ने 47 वर्षीय एक व्यक्ति को निवाला बना लिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

घटना कल शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पौड़ी मुख्यालय से सटे जामलाखाल निवासी 47 वर्षीय प्रकाश लाल सोमवार शाम मिस्त्री का कार्य करके बालमाणा गांव से अपने घर के लिए लौट रहे थे। इसी बीच पटवारी चौकी के पास घात लगाए गुलदार ने अचानक हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। व्यक्ति को बचने का मौका तक नहीं मिल पाया।

रात तक घर नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश

प्रकाश लाल के सोमवार देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह खोजबीन के दौरान उनका शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई, क्योंकि गुलदार ने शरीर का आधा हिस्सा नोंचकर खा लिया था।  इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए मांग की है कि आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़कर पिंजरे में कैद किया जाए।

पंचायत भवन के कमरे में बंद कर दिया

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार को करीब दोपहर 12 बजे मौके पर पहुंचे प्रशासन और वन विभाग के कर्मचारियों को ग्रामीणों ने पंचायत भवन में बंधक बना लिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।

ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में लंबे समय से गुलदार का आतंक है, लेकिन वन विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

कहा- गुलदार को तुरंत पकड़ा जाए

लोगों ने मांग की कि गुलदार को तुरंत पकड़ा जाए या उसे आदमखोर घोषित कर गोली मारी जाए। करीब एक घंटे बाद, उच्च अधिकारियों से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने बंधक बनाए गए अधिकारियों को छोड़ दिया। साथ ही इलाके में वन विभाग की गश्त बढ़ाने की मांग भी की।

इससे पहले बीती 14 जनवरी को भी जामलाखाल क्षेत्र के बाड़ा गांव में गुलदार ने एक नेपाली मजदूर को निवाला बनाया था। आज भी यहां एक व्यक्ति को गुलदार ने मार डाला।