पौड़ी: विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम कलेथ में वीर सपूत शहीद मुकेश कुमार पांडे की 30वीं पुण्यतिथि शहीदी दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परिजनों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और “शहीद मुकेश कुमार पांडे अमर रहें” के जयघोषों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा रहा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सविता देवी उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शौर्य चक्र विजेता शहीद मनीष पटवाल के माता-पिता श्रीमती शांति देवी पटवाल और जगमोहन पटवाल मौजूद रहे।
इस मौके पर शांति देवी पटवाल ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें शहीद मुकेश कुमार पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मुकेश पांडे के माता-पिता ने अपने 23 वर्षीय पुत्र को देश सेवा के लिए बलिदान कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
गौरतलब है कि वर्ष 1997 में पूर्वोत्तर भारत में ऑपरेशन रक्षक के दौरान आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई में मात्र 23 वर्ष की आयु में मुकेश कुमार पांडे ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी वीरता और बलिदान को याद करते हुए हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि को शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर मुकेश कुमार पांडे स्मारक समिति कलेथ के संरक्षक जीवनानंद शर्मा, शहीद के पिता स्वयंवर प्रसाद पांडे, भाई सुनील कुमार पांडे, बड़ी बहन श्रीमती गीता देवी भट्ट, पूर्व सूबेदार रोशन भट्ट, निरंकार मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश कलेथा, प्रकाश पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रीमती गीता देवी ने की।
इसके अलावा मां भुवनेश्वरी गेंद मेला समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह नेगी, ग्राम प्रधान पांचाली अशोक रावत, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय पौड़ी के कल्जीखाल क्षेत्र प्रतिनिधि राकेश रावत, पूर्व सैनिक सज्जन सिंह नेगी, समाजसेवी आर.पी. नैथानी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। दिल्ली, कोटद्वार और देहरादून से आए प्रवासी ग्रामीणों तथा आसपास के गांवों के महिला मंगल दलों की महिलाओं ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान शहीद मुकेश कुमार पांडे की माता स्वर्गीय शुकंतला देवी और चाचा रोशन लाल पांडे को भी श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर गांव के निरंकार मंदिर में हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। साथ ही जिला पंचायत सदस्य सविता देवी द्वारा अपनी जिला पंचायत निधि से निर्मित निरंकार मंदिर के टीन शेड का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुकेश कुमार पांडे स्मारक समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार पांडे तथा शहीद के पिता स्वयंवर प्रसाद पांडे ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्व सैनिकों, ग्रामवासियों और सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: जगमोहन डांगी



