Rashtriya Indian Military College RIMC

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के भिलंगना ब्लॉक स्थित मान्दरा बासर गांव के निवासी हर्षित जोशी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। हर्षित ने महज सात महीने की तैयारी में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC) की कठिन प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। खास बात यह है कि वे उत्तराखंड के लिए निर्धारित एकमात्र सीट पर चयनित हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में कुल 36 सीटें होती हैं, जिनमें से उत्तराखंड के लिए केवल एक सीट आरक्षित रहती है। ऐसे में हर्षित का चयन बेहद प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में हुआ है, जो उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत को दर्शाता है।

हर्षित ने अपनी प्रारंभिक तैयारी हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सैनिक ग्लोबल अकादमी से की। सीमित समय में केंद्रित अध्ययन और अनुशासित दिनचर्या के दम पर उन्होंने परीक्षा की तैयारी पूरी की। उन्होंने बताया कि देहरादून में आयोजित इंटरव्यू भी उनका अच्छा रहा। अंतिम चरण में छह अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू दिया, जिनमें से हर्षित का चयन हुआ।

गौरतलब है कि इससे पहले हर्षित का चयन सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में भी हो चुका था, लेकिन उन्होंने अपने उच्च लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए RIMC के लिए तैयारी जारी रखी और अंततः सफलता हासिल की।

हर्षित के परिजन वर्तमान में ऋषिकेश के गुमानिवाला क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। उनके पिता सूरत राम जोशी जापान में एक होटल में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता पिंकी जोशी ने बेटे को निरंतर प्रेरित किया और पढ़ाई में हर संभव सहयोग दिया।