KEDARNATH HELI SERVICE: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 आगामी 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही शुरू होने जा रही है। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ तथा 23 अप्रैल 2026 को बद्रीनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जिसके तहत 21 अप्रैल से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का संचालन भी शुरू हो जाएगा। जिसको देखते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इस साल चारधाम यात्रा के दौरान 8 हेली कंपनियां केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। आईआरसीटीसी के माध्यम से जल्द ही हेली टिकट की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी।
केदारनाथ धाम के लिए 8 हेली सेवाओं का चयन
चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से 8 हेली ऑपरेटर्स का चयन कर लिया गया है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुताबिक, इस साल गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम तक के लिए 2 हेली ऑपरेटर, फाटा से केदारनाथ धाम तक के लिए 4 हेली ऑपरेटर और सिरसी से केदारनाथ धाम तक के लिए 2 हेली ऑपरेटर की ओर से हेली सेवाओं का संचालन किया जाएगा।
10 अप्रैल से शुरू हो सकती है टिकट बुकिंग!
हेली कंपनियों का चयन होने के बाद यूकाडा 10 अप्रैल से टिकट बुकिंग शुरू कर सकता है। हालांकि इसकी तिथि तय होनी बाकी है। आईआरसीटीसी (IRCTC) की अधिकृत वेबसाइट https://heliyatra।irctc।co।in के माध्यम से टिकट की बुकिंग की जाएगी। इसके अलावा अन्य साइटों से टिकट बुक न कराएं। अन्यथा ठगी के शिकार हो सकते हैं। हेलिकॉप्टर से केदारनाथ जाने का प्लान बना रहे तीर्थयात्रियों को फर्जी वेबसाइट से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
कितना होगा हेली का किराया?
हेली टिकटों का किराया भी तय कर दिया गया है। जिसके तहत गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम के लिए 6,077 रुपए प्रति व्यक्ति, फाटा से केदारनाथ के लिए 4,840 रुपए प्रति व्यक्ति और सिरसी से केदारनाथ धाम तक के लिए 3,043 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया हैं। ये किराया एक तरफ का है और इस किराए के अलावा जीएसटी के साथ ही हेली पोर्टल के माध्यम से बुकिंग की सुविधा शुल्क भी अतरिक्त देना होगा।
हेलिपैड नई दरें पूर्व दरें
गुप्तकाशी से केदारनाथ 12154 12444
फाटा से केदारनाथ 9680 8842
सिरसी से केदारनाथ 6086 8839



