Greater Noida West Metro: ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए DPR (Detailed Project Report) को केंद्र सरकार द्वारा एक बार फिर खारिज किए जाने के फैसले से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। डीपीआर खारिज होने के विरोध में आज ग्रेनोवेस्ट निवासियों ने सेक्टर-71 चौराहे के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व NEFOWA (नोएडा एक्सटेंशन फ्लैट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन) ने किया, जिसमें सैकड़ों स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया।
दरसल केंद्र सरकार ने एनएमआरसी की एक्वा लाइन विस्तार परियोजना की संशोधित डीपीआर को तकनीकी आधार पर खारिज कर दिया है। अब नई सिरे से डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे परियोजना में और देरी हो गई है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 113 ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में रह रहे करीब पांच लाख की आबादी ने इस पर नाराजगी व्यक्त की है। रविवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी एनएमआरसी (नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोशन) के सेक्टर-71 स्थित अंतिम पिलर के पास प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मोटी रस्सी से मेट्रो पिलर को खींचकर नोएडा एक्सटेंशन की ओर ले जाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया।
निवासियों ने बताया कि वे प्रतिदिन भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करते हैं, क्योंकि क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। उनका आरोप है कि पिछले 10 वर्षों से मेट्रो को लेकर केवल वादे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई प्रगति नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार से मेट्रो परियोजना को बिना किसी देरी के शुरू करने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। निवासियों का कहना है कि बार-बार डीपीआर निरस्त होने से क्षेत्र के लाखों लोगों में निराशा है। लोगों ने कहा ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए मेट्रो लाखों लोगों की जरूरत है।



