18 दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए, 30 यूडीआईडी कार्ड की प्रक्रिया की गई, शिविर तक पहुंचने में दिव्यांगजनों को उठानी पड़ी परेशानी
सतपुली: दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के उद्देश्य से राइका सतपुली में विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 170 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण और चिन्हीकरण किया गया।
शिविर में एसडीएम सतपुली रेखा आर्य ने बताया कि 18 दिव्यांगजनों को एडिप योजना तथा 170 वरिष्ठ नागरिकों सहित राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। लाभार्थियों की आवश्यकता के अनुसार आगामी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पात्रता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में दिव्यांगजनों के दस्तावेज संबंधी कार्य भी किए गए। इस दौरान 18 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए तथा 30 यूडीआईडी कार्ड से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
एसडीएम रेखा आर्य ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित करने और जरूरी दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
शिविर में बीडीओ एकेश्वर सौरभ हांडा, बीडीओ कल्जीखाल चंद्र प्रकाश बलूनी, बीडीओ द्वारिखाल जयकृत सिंह बिष्ट, एडीओ समाज कल्याण कल्जीखाल राहुल राणा, एकेश्वर अमरीश सैनी, द्वारिखाल अंकित रावत, एडीओ पंचायत कल्जीखाल अरुण रावत, मनदीप रावत, अरविंद गुसाईं सहित अन्य उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीएलवी जगमोहन डांगी, सज्जन सिंह नेगी, बबीता देवी कल्जीखाल, सुनील रावत एकेश्वर ने सहयोग किया, जबकि शिविर का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता एवं पीएलवी पुष्पेंद्र राणा ने किया।
जगमोहन डांगी

















