श्रीनगर गढ़वाल: गढ़वाली लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र द्वारा “नरेन्द्र संगीत सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 16 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगा।

इस आयोजन में लोक संस्कृति पर केंद्रित प्रसिद्ध लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी के गीतों के गायन के माध्यम से गढ़वाली भाषा एवं संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गढ़वाली भाषा एवं संस्कृति का संरक्षण, युवाओं में लोक संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाना तथा लोक कलाकारों को एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना है।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के गायक और गायिकाएं भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि के रूप में गीत का स्थायी और एक अंतरा ही भेजना होगा। आवश्यकता पड़ने पर गीत के साथ केवल हारमोनियम की संगत ही स्वीकार की जाएगी।

प्रतिभागी अपनी प्रविष्टि का वीडियो मोबाइल नंबर 9412961554, 9205753878, 9997600304 एवं 9412079537 पर भेज सकते हैं। प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 12 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

चयनित प्रतिभागियों को ही प्रस्तुति हेतु आमंत्रित किया जाएगा। इस आयोजन से क्षेत्रीय लोक संस्कृति को नई पहचान मिलने के साथ-साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।