पौड़ी जनपद के प्रसिद्ध डांडा नागराजा मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले कण्डार मेले को लेकर इस बार व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैशाख माह के दूसरे दिन लगने वाला यह पारंपरिक मेला इस वर्ष और भी भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मेला स्थल पर पिछले डेढ़ दशक से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक मुकेश कठैत अपनी टीम के साथ भजन संध्या की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। उनके साथ अन्य चर्चित लोक कलाकार और नृत्य मंच की टीमें भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगी।

मण्डल मुख्यालय पौड़ी से लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित डांडा नागराजा मन्दिर तक पहुंचने के लिए कई मोटर मार्ग उपलब्ध हैं। श्रद्धालु पौड़ी-अदवाणी-बगानीखाल, सतपुली-खांडा-बहेड़ाखाल-सुरपुर, ब्यासचट्टी-उमरासू-खडकोला, पौड़ी-ल्वाली-बेतालधार-कापड़-घिण्डवाड़ा-मरोड़ा-सफदरखाल तथा कांसखेत-घण्डियाल-असगढ़-बड़कोट-बगानीखाल मार्गों से मंदिर पहुंच सकते हैं।

इस बार मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए मंदिर समिति के साथ कोट ब्लॉक के ज्येष्ठ प्रमुख एवं समाजसेवी उपेंद्र भट्ट और उनकी टीम विशेष प्रयास कर रही है। आयोजन की भव्यता को देखते हुए प्रवासी और दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

मेले में इस वर्ष पहली बार नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी तथा कुछ विदेशी मेहमान भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, जिलाधिकारी के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मेले की व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर समिति पहले ही सक्रिय है। समिति के अध्यक्ष कमलेश चमोली और उपाध्यक्ष उपेंद्र भट्ट के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया से मुलाकात कर सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित किया है।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले के दौरान साफ-सफाई और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि इस धार्मिक आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

जगमोहन डांगी ग्रामीण पत्रकार