पौड़ी: पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू विकासखंड स्थित जनता इंटर कॉलेज ढामकेश्वर के लिए गर्व का क्षण है। विद्यालय के कक्षा 10वीं के होनहार छात्र नैतिक कुमार का चयन प्रतिष्ठित नेशनल इंस्पायर प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इससे पूर्व नैतिक कुमार ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया।

नैतिक कुमार की इस उपलब्धि में उनके मार्गदर्शक शिक्षक आशीष रावत का विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने अपने मार्गदर्शन और परिश्रम से छात्र को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ ने नैतिक कुमार की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। साथ ही उन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नैतिक कुमार की इस उपलब्धि पर इंस्पायर अवार्ड ब्लॉक समन्वयक केवी सकलानी, खण्ड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत, प्रधानाचार्य राइका स्वीत महेन्द्र सिंह नेगी ने प्रतिभागी छात्र, उसके मार्गदर्शक शिक्षक आशीष रावत एवं जेइका ढामकेश्वर विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इसके अलावा विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने भी नैतिक कुमार और उनके मार्गदर्शक शिक्षक आशीष रावत को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।