पौड़ी गढ़वाल: हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) के प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विकासखंड पौड़ी के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों—डोभा, जुकंडी, केसुंदर और सत्याखाल का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर पार्टी का दृष्टिपत्र वितरित किया गया।

जनसंपर्क अभियान के दौरान डॉ. बिष्ट ने कहा कि HKP एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है और इसके आने से प्रदेश में “राजनीतिक अतिक्रमण” समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि पार्टी ईमानदार, कर्मठ और योग्य व्यक्तियों के नेतृत्व में जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का दृष्टिपत्र ही उसका चुनावी घोषणा पत्र होगा, जिसमें प्रमुख रूप से “एक परिवार-एक रोजगार”, सशक्त भू-कानून, मूल निवास 1950, गैरसैंण को स्थायी राजधानी, राज्य को 5वीं अनुसूची में शामिल करना तथा अविवाहित युवाओं को रोजगार से जोड़कर विवाह हेतु ठोस नीति बनाना शामिल है।

डॉ. बिष्ट ने यह भी कहा कि पार्टी की सभी योजनाएं “रिवर्स पलायन” को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाएंगी, जिससे पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोका जा सके और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।

इस दौरान ग्रामीणों ने HKP की नीतियों को विकासोन्मुख बताते हुए सराहना की और कहा कि इस प्रकार की सोच को शासन में अवसर मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत, पौड़ी नगर महासचिव विपिन कुकरेती, नगर कार्यालय प्रभारी कुलदीप सिंह तथा क्रांतिवीर देवेंद्र सिंह गुसाईं सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।