JEE Main 2026 Result declared:  नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE-Main 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस बार 26 छात्रों ने 100 परसेंटाइल स्कोर किया है। वहीं, 110 से अधिक छात्रों के नतीजे अनुचित साधनों के प्रयोग के कारण रोक दिए गए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए NTA ने कड़ा कदम उठाया है। सफल छात्र अब JEE Advanced 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसकी प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू होगी।

26 छात्रों को 100 परसेंटाइल

इस साल इंजीनियरिंग एंट्रेंस में 26 उम्मीदवारों ने 100 NTA स्कोर हासिल किया है। परफेक्ट स्कोर पाने वालों में 24 जनरल कैटेगरी से है। एक कैंडिडेट जनरल ईडब्ल्यूएस और एक कैंडिडेट ओबीसी NCL से है। 100 स्कोर हासिल करने वालों में कोई महिला कैंडिडेट नहीं है। महिला कैंडिडेट में टॉपर तेलंगाना की हैं, जिन्हें 99.9982287 स्कोर मिला है। दूसरे नंबर पर हरियाणा की आशी ग्रेवाल ने 99.9969766 स्कोर हासिल किया है।

सबसे ज्यादा इन राज्यों से निकले जेईई मेन टॉपर्स

टॉपर्स में दक्षिण के राज्यों के छात्रों की संख्या ज्यादा रही है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से सबसे ज्यादा पांच-पांच कैंडिडेट्स को 100 स्कोर मिला है। राजस्थान से चार, दिल्ली से तीन, महाराष्ट्र और हरियाणा से दो दो कैंडिडेट्स को टॉप स्कोर मिला है। तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, चंडीगढ़ और ओडिशा से एक-एक कैंडिडेट को टॉप स्कोर मिला है।

नकल करने वालों पर कड़ा एक्शन

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए NTA इस बार बेहद सख्त नजर आया। एजेंसी ने जानकारी दी कि 110 से ज्यादा उम्मीदवारों के परिणाम ‘अनुचित साधनों’ के प्रयोग के कारण रोक दिए गए हैं। इनमें फर्जी दस्तावेज पेश करने और परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होना शामिल है। NTA ने स्पष्ट किया है कि नकल के खिलाफ उनकी ‘जीरो टॉलरेंस’ पॉलिसी जारी रहेगी।