ऋषिकेश: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन सवार दो युवक-युवती घायल हो गए, जिन्हें SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 06:27 बजे जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से SDRF को सूचना मिली कि महादेव चट्टी के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही पोस्ट व्यासी से SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि दिल्ली नंबर (DL 11 CD 3154) की कार मुख्य मार्ग से करीब 350 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी किनारे जा पहुंची थी। दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम ने तुरंत खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई।

वाहन में सवार दिल्ली निवासी अनीश (22) और सुहानी (20) घायल अवस्था में मिले। टीम ने पहले अनीश को प्राथमिक उपचार देकर राफ्ट के माध्यम से कोडियाला पहुंचाया, जहां से 108 एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता सुहानी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है। SDRF की त्वरित कार्रवाई से दोनों की जान बच गई।