श्रीनगर गढ़वाल: पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू क्षेत्र में आज सुबह एकसड़क दुर्घटना हो गई। आज सुबह पैठाणी से श्रीनगर आ रहे मैक्स वाहन और एक मोटरसाइकिल की खिर्सू के समीप आमने-सामने से टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन खाई में गिर गए। घटना सुबह करीब साढ़े नौ से पौने दस बजे के बीच की है। वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही चौकी खिर्सू से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को खाई के बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल भेजा गया, जहां फिलहाल सभी का उपचार जारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर आ रहा था, तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कुल आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी खिर्सू में भर्ती किया गया है। प्राथमिक चिकित्सकीय उपचार के बाद चिकित्सकों ने चार गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक और मैक्स वाहन की टक्कर हो गई, फिर दोनों सड़क से नीचे खाई में गिर गई।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरे। हादसे में मैक्स वाहन में सवार गगन सिंह (75), सतेश्वरी देवी (50), संगीता देवी (23), अंजू (24), मंगल सिंह (32), गुड्डी देवी (55) और गौतम सिंह (26) निवासी पैठाणी घायल हो गए।
वहीं मोटरसाइकिल सवार गजेन्द्र सिंह (42) निवासी पाबौ भी हादसे में चोटिल हुआ है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि समय रहते रेस्क्यू होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों वाहन पेड़ों के सहारे अटक गए, जिस कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।



