श्रीनगर गढ़वाल: पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) के छात्र आनंद सोहन का शव आज पांच दिन बाद अलकनंदा नदी से बरामद हुआ है। बीते 5 दिनों से चल रहे सर्च अभियान के बाद एसडीआरएफ टीम ने आज घटना स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर अलकनंदा नदी से शव बरामद किया है। छात्र का शव मिलने के बाद परिजनों और संस्थान में शोक की लहर है।
बता दें कि बीटेक तृतीय वर्ष (कंप्यूटर साइंस) का छात्र आनंद सोहन बीती 26 अप्रैल की शाम करीब चार बजे अपने दोस्तों के साथ एसएसबी श्रीनगर के पास अलकनंदा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी की तेज धारा की चपेट में आकर बह गया। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आनंद काफी दूर तक बह चुका था। वहीँ कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र ने नदी किनारे मौजूद एक चट्टान से डाइव लगाई थी, जिसके बाद वह पानी में लापता हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। श्रीनगर से मूल्यागांव तक नदी किनारे संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली गई, लेकिन छात्र का कुछ पता नहीं चल पाया।
घटना की सूचना तुरंत NIT श्रीनगर प्रशासन और पुलिस को दी गई। नदी का बहाव तेज होने के कारण पुलिस ने SDRF और जल पुलिस से मदद मांगी। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर से लेकर मूल्यगांव तक नदी किनारे संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई।
एसडीआरएफ निरीक्षक श्रीनगर मंजरी नेगी ने बताया कि नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती रही। इसके बावजूद टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखे और गुरुवार को घटना स्थल से लगभग 200 मीटर आगे नदी में छात्र का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आनंद सोहन तेलंगाना का रहने वाला था। घटना के बाद उनके माता-पिता को सूचना दे दी गई थी और दो दिन बाद उनके पिता कॉलेज पहुंच गए थे। प्रशासन और SDRF टीम की टीम लगातार उनके संपर्क में थी।
घटना के बाद एनआईटी श्रीनगर परिसर में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के किनारे विशेष सतर्कता बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।



