श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर गढ़वाल के नजदीक कीर्तिनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मलेथा में आज सुबह स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के लिए एकत्रित हुए लोगों पर एक आदमखोर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में वन दरोगा सहित 4 लोग जख्मी हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक टिहरी जिले के कीर्तिनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मलेथा गांव के सरकारी स्कूल में आज सुबह स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। इसीबीच ध्वजारोहण के दौरान एक आदमखोर तेदुआ स्कूल के अन्दर घुस गया और एकत्रित लोगों पर अचानक हमला करने लगा। तेंदुए के हमले में वन दरोगा दुर्लभ सिह भंडारी (40 वर्ष), अंकित कुमार (26 वर्ष), मनीष सिंह नेगी (21 वर्ष) तथा हिमांशु नेगी (22 वर्ष) जख्मी हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। लोगों द्वारा शोरगुल करने पर तेंदुआ भाग गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि गुलदार गांव के आसपास ही घूम रहा है।
बतादें कि इससे पहले बीते 8 अगस्त को भी इसी मलेथा गाँव में आदमखोर तेंदुए ने घर के बरामदे में सो रही 31 वर्षीय युवती को अपना शिकार बना दिया था। जिसका शव लोगों को घर से कुछ दूर खेतों में मिला। इस घटना के दो दिन बाद ही 10 अगस्त को तेंदुए ने नजदीकी बडोला गांव में भी घर के बरामदे में सो रही 45 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया था। हालाँकि महिला के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया था।
आज एक बार फिर तेंदुए द्वारा दिनदहाड़े चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल करने की घटना से मलेथा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें:
श्रीनगर-मलेथा में घर के बरामदे में सो रही 31 वर्षीय युवती को उठाकर ले गया तेंदुआ, शव बरामद












