देहरादून: राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 6 एवं कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र-छात्राएं 20 मई 2026 तक SCERT उत्तराखंड स्कॉलरशिप पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
पूर्व में जारी आदेश के अनुसार पंजीकरण की अंतिम तिथि 3 मई 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से पंजीकरण की गति धीमी रहने के चलते यह निर्णय लिया गया। विभागीय जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 1,15,910 संभावित परीक्षार्थियों के सापेक्ष केवल 62,614 विद्यार्थियों (लगभग 54%) ने ही पंजीकरण कराया है।
SCERT ने बताया कि वर्तमान में कई विद्यालयों और कार्यालयों के कर्मचारी जनगणना कार्य में व्यस्त हैं, जिसके कारण पंजीकरण प्रक्रिया प्रभावित हुई है। इसके अलावा, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं अभिभावकों द्वारा भी पंजीकरण तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया जा रहा था।
इन परिस्थितियों को देखते हुए परिषद ने पंजीकरण की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। साथ ही सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जनपदों के खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराएं और निर्धारित तिथि तक विवरण पोर्टल पर अपलोड कर बीईओ स्तर पर सबमिट कराएं।
परीक्षा तिथि में भी बदलाव
पंजीकरण तिथि बढ़ाए जाने के कारण छात्रवृत्ति परीक्षा की तिथि में भी संशोधन किया गया है। पहले यह परीक्षा 22 मई 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग का मानना है कि तिथि बढ़ने से अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ मिल सकेगा और उन्हें तैयारी के लिए अतिरिक्त समय भी प्राप्त होगा।



